सराय अकिल थाना क्षेत्र के बसुहार गांव में सोमवार की शाम अलाव की चिंगारी से गरीब का आशियाना जलकर राख हो गया। धुएं का गुबार और लपटों को देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। जब तक गांव के लोग आग पर काबू पाते घर में रखी सारी गृहस्थी जल कर स्वाहा हो गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। भुक्तभोगी की मानें तो आगजनी से करीब दो लाख रुपये की संपत्ति जली है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के बसुहार गांव निवासी शिव प्रसाद सोमवार की शाम घर के सामने अलाव जलाकर बैठा था। अचानक अलाव की चिंगारी से छप्पर में लगी आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को आगोश में ले लिया। धुएं का गुबार और लपटों को देख घर के भीतर मौजूद लोग जान बचाकर बाहर भागे। चीख-पुकार सुन गांव के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक गांव वाले आग पर काबू पाते घर में रखा बिस्तर, बर्तन के साथ खाद्यान्न और घरेलू सामान राख हो चुका था। आगजनी से भुक्तभोगी परिवार को करीब दो लाख की क्षति हुई है।