कानपुर-इलाहाबाद हाईवे के किनारे पर कछुआ गांव के समीप रविवार की सुबह गन्ने के एक खेत में युवक की लाश मिली। शव देख गांववाले सन्न रह गए। पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के कपड़े और उसकी हालत देख पुलिस फौरी तौर पर उसे दिमागीरूप से कमजोर बता रही है। साथ ही पुलिस का मानना है कि ठंड लगने से उसकी जान गई है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के कछुआ गांव के लोग रविवार की सुबह खेत की ओर जा रहे थे। तभी उनकी नजर हाईवे के किनारे स्थित गन्ने के खेत में पड़ी युवक की लाश पर गई। शव देख गांववाले सन्न रह गए। घटना की खबर लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सैनी कोतवाली पुलिस पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के साथ ही पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर में कहीं कोई चोट आदि का निशान नहीं है। सिर्फ पैर में हल्का सा जख्म दिख रहा है। मृतक के कपड़े भी फटे-पुराने हैं। इससे लगता है कि उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी। वहीं गांववाले भी बताते हैं कि कई दिन पहले युवक गांव के समीप घूमता हुआ देखा गया था।
ऐसे में पुलिस फौरी तौर पर मान रही है कि संभव है कि रात में ठंड लगने के कारण वह गन्ने में खेत में घुस गया हो, जहां जाड़े की जद में आने से उसकी जान चली गई। इंस्पेक्टर सैनी दिनेश सिंह यादव ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की गहराई से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की सच्चाई का पता चलेगा।