महेवाघाट थाना क्षेत्र के तिवारी का पुरवा गांव के समीप सड़क पार कर रही किशोरी को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के पीछा करने पर पिकअप चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के तिवारी का पुरवा गांव की रहने वाली सविता देवी (15) पुत्री देवीदीन शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे सड़क पार करके खेत की ओर जा रही थी। तभी सामने से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। गिरने के बाद पिकअप की चपेट में आकर वह गंभीररूप से जख्मी हो गई। दुर्घटना हुई देख आसपास मौजूद रहे लोग चीखते-चिल्लाते दौड़े। गांववालों को आता देख वाहन चालक पिकअप छोड़कर भाग निकला।
उधर, खून से लथपथ सड़क पर पड़ी किशोरी को लेकर परिवार के लोग जिला अस्पताल भागे। पर, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ महेवाघाट राम आसरे सरोज ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस वाहन के कागजात के जरिए चालक की खोजबीन कर रही है।