नेवादा ब्लाक के बरियावां ग्राम प्रधान को कौशाम्बी प्रधान संघ का नया अध्यक्ष चुना गया है। मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में हुई प्रधानों की बैठक में नवनिर्वाचित प्रधानों ने खुशी जाहिर की है।
नवनिर्वाचित प्रधानों की मंगलवार को मंझनपुर स्थित जिला पंचायत सभागार में बैठक हुई। इसमें प्रधानों की एकता के साथ ही नई कार्यकारिणी के गठन पर भी चर्चा की गई। पूर्व प्रधान पुजारी लाल कुशवाहा और मेवालाल की देखरेख में हुई बैठक में प्रधान संघ के अध्यक्ष पद के लिए निदूरा, बरियावां, खोंफा आदि ग्रामसभा के प्रधानों के नाम सामने आए। आखिरकार तीन बार से लगातार प्रधान निर्वाचित हो रहे नेवादा ब्लाक के बरियावां ग्रामसभा के प्रधान नरेंद्र कुमार मौर्य के नाम पर सबकी सहमति बनी।
इसके बाद नरेंद्र कुमार मौर्य को प्रधानसंघ कौशाम्बी का अध्यक्ष चुन लिया गया। प्रधानों ने नरेंद्र के मुखिया बनाए जाने पर खुशी जाहिर की है। वहीं बैठक में तय किया गया कि जल्द ही नई कार्यकारिणी का विस्तार भी कर लिया जाएगा। मनोनयन के बाद प्रधानों ने अपने नए मुखिया को फूल माला पहनाकर सम्मान किया। इस मौके पर धारासिंह यादव, अशोक कुमार, मातादीन, शिवसागर, रामभरोस, वीरेंद्र कुमार यादव, गया प्रसाद मौर्य, खड्ग सिंह, भारतलाल, जिलाजीत सिंह, पारसनाथ, धर्मेंद्र कुमार, बच्चालाल, ओमप्रकाश मौर्य, सुनील कुमार, रामधन, धर्म नारायण, सोमेशचंद्र, इंद्रजीत, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।