नगर कोतवाली इलाके की रहने वाली एक युवती के साथ पड़ोसी 7 महीने तक दुराचार करता रहा। युवक ने उसे तमंचा दिखकर इस कदर धमकाया कि वह सहम गई। युवती के गर्भवती होने पर पड़ोसी की दरिंदगी का खुलासा हुआ। उलाहना देने जाने पर पड़ोसी और उसके घरवाले मारपीट पर उतारू हो गए। पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। सोमवार को पीड़िता की तहरीर पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। कोतवाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती जून के महीने में एक शाम खेत की ओर गई थी। आरोप है कि उसे अकेली देखकर गांव का एक युवक भी पहुंच गया। अंधेरे में उसे दबोच लिया। तमंचा सटाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद कहीं भी शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी दी। एक बार मनमानी करने के बाद युवक आए दिन धमकी देकर उसकी आबरू लूटता रहा। युवक की इस मनमानी के कारण युवती गर्भवती हो गई, तो पड़ोसी की काली करतूतों की जानकारी युवती के घरवालों को हुई।
परिवार के लोग युवक के घर उलाहना देने गए, तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया गया। सोमवार को घरवालों के साथ युवती मंझनपुर कोतवाली पहुंची और युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी रज्जन लाल तिवारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुराचार की शिकार युवती के नवजात बच्चे का डीएनए टेस्ट प्रसव के बाद कराया जाएगा। सीओ सिटी आलोक कुमार ने बताया कि बच्चे के साथ अभियुक्त का भी डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। तभी घटना की सच्चाई का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए मंझनपुर कोतवाल को जरूरी दिशा निर्देश दे दिया गया है।