मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के मलाक पिंजरी गांव के शिवाकांत तिवारी (52) की सोमवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह रक्तरंजित लाश सैनी क्षेत्र के रामपुर धमांवा गांव के समीप सड़क किनारे झुरमुट में मिली। वह 5 दिन पहले बेटी से मिलने उसकी ससुराल प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ (बलीपुर) गांव गया था। पुलिस केस दर्ज करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या की जांच में जुटे एसओ सैनी का फौरी तौर पर मानना है कि हत्या कहीं अन्यत्र करके शव यहां फेंका गया है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के मलाक पिंजरी गांव निवासी शिवाकांत तिवारी (52) पुत्र शेषनारायण तिवारी की बड़ी बेटी सरोज देवी की शादी प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बलीपुर में हुई है। वह 10 दिसंबर को बेटी सरोज देवी से मिलने उसकी ससुराल गया था। बताया जाता है कि बेटी की ससुराल से वह सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर आने के लिए निकला था। मंगलवार सुबह उसकी रक्तरंजित लाश सैनी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर धमावां गांव के समीप सड़क किनारे झुरमुट में मिली। उसके सीने पर गोली मारी गई है। वहीं सुबह खेतों की ओर जा रहे गांववालों की नजर शव पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए। हत्या करके शव फेंके जाने की खबर लगते ही मौके पर तमाम लोग आ गए। सूचना पर पुलिस शव की शिनाख्त करवाने में जुटी।
काफी देर बाद कुछ लोगों ने मलाकपिंजरी गांव के शिवाकांत का शव होने की आशंका जताई, तो घरवालों को मौके पर बुलाया गया। शव देखते ही परिजन फूट-फूटकर रोने लगे। मृतक के बेटे अतुल तिवारी द्वारा शिनाख्त कर लिए जाने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या से बिलख रहे परिजन भी अचानक हुई इस घटना से स्तब्ध हैं। उन्हें भी कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर जब उनकी ऐसी किसी से कोई रंजिश नहीं है, तो फिर हत्या किसने और क्यों की? पुलिस ने अतुल की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके घटना की तफ्तीश शुरू कर दी है। एसओ सैनी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि फौरी तौर पर लग रहा है कि अधेड़ की हत्या कहीं अन्यत्र करके लाश यहां फेंकी गई है। पुलिस हत्या की वजह और कातिलों की खोजबीन में जुटी है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।