पैगम्बर के अपमान के खिलाफ कौशाम्बी के भी मुस्लिम समाज में आक्रोश है। लोगों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। मंझनपुर चौराहे पर भारतीय हिन्दू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी का पुतला जलाया।
बता दें कि भारतीय हिन्दू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर मुस्लिम समाज के लोग खफा है। इसे लेकर पूरे प्रदेश में प्रदर्शन भी हो रहा है। कौशाम्बी के भी मुस्लिम समाज के लोगों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। समाज के लोग नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने मंझनपुर चौराहे पर कमलेश तिवारी को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए उनका पुतला भी जलाया। उधर, मुस्लिम समाज के लोगों के सड़क पर उतरकर प्रदर्शन की जानकारी लगते ही पुलिस भी चौकन्नी हो गई। प्रदर्शन के दौरान कहीं कोई विवाद अथवा उपद्रव न हो, इसके लिए मंझनपुर चौराहा घंटेभर के लिए छावनी में तब्दील नजर आया। इस मौके पर समीर, हसीब, शहनवाज, मोईन अहमद, रहबर, तस्लीम, इस्तियाक, निसार आदि मौजूद रहे।