नगर कोतवाली क्षेत्र के समदा गांव की एक विवाहिता ने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एफआईआर लिखकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
करारी थाना क्षेत्र के गुआरा तैयबपुर गांव की रहने वाली जरीना बेगम ने बताया कि उसका निकाह पांच साल पहले से मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के समदा गांव निवासी शमसाद से हुआ था। बताया कि शादी के कुछ दिनों के बाद से ही पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा था।
26 जुलाई की रात उसने दहेज को लेकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। पीटने के बाद कमरे में बंद करके कहीं चला गया। करीब 24 घंटे बाद उसे बाहर निकाला। उसने इसकी जानकारी मायकेवालों को दी। मायकेवालों की मान-मनौव्वल का भी कोई असर नहीं हुआ। बिरादरी की पंचायत बुलाई गई, लेकिन उसने किसी की भी बात को मानने से इंकार कर दिया। आजिज आकर विवाहिता ने 27 जुलाई को मंझनपुर कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी। आरोप है कि नामजद शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर सोमवार को मंझनपुर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज करके मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।