मंझनपुर। शिक्षक बनने की खुशी और सरकार का आभार जताने को शनिवार को शिक्षामित्र संघ ने मंझनपुर में कार्यक्रम किया। इस मौके पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक बनना शिक्षामित्रों का हक था, जिसे सरकार ने दिया है। अब शिक्षामित्रों को पेंशन का लाभ दिलाने के लिए संघ संघर्ष करेगा।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने प्राथमिक स्कूलों में संविदा पर पढ़ाने वाले शिक्षामित्रों को शिक्षक बना दिया है। शिक्षक बनने से गदगद शिक्षामित्रों ने शनिवार को मंझनपुर स्थित विकास भवन के सभागार में कार्यक्रम आयोजित करके समायोजन की खुशी और सरकार के प्रति आभार जताया। इस मौके पर मौजूद रहे फूलपुर के विधायक सईद अहमद और सिराथू विधायक वाचस्पति ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से किए अपने एक-एक वादे को पूरा कर रही है। ऐसा ही वादा शिक्षामित्रों के साथ भी निभाया गया है। वहीं कार्यक्रम में मौजूद रहे आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जीतेंद्र शाही ने कहा कि शिक्षक बनना शिक्षामित्रों का अधिकार था।
इसे उन्होंने अपने संघर्ष और एकता के कारण हासिल किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि अब शिक्षामित्र संघ शिक्षक बनाए गए शिक्षामित्रों को पेंशन का लाभ दिलाने के लिए भी संघर्ष करेगा। इस मौके पर शशिभूषण द्विवेदी उर्फ बालम महराज, सोनू सिंह, अश्विनी त्रिपाठी, विमल सिंह गौतम, सोमप्रकाश, लालचंद्र, राजेश तिवारी, राजेश शुक्ला, दिलीप कुमार, अशर्फीलाल, संगीता देवी, उदय सिंह, रेनू चौरसिया, चांदनी बेगम, गौसिया फातमा, नाजनीन बेगम, अखिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।