त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का चुनाव शनिवार को है। कड़ा और सिराथू ब्लाक की 157 ग्रामसभाओं में वोटिंग कराने के लिए 645 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। इन पार्टियों में कुल 2580 कर्मचारी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। पोलिंग पार्टियों की बूथों पर रवानगी शुक्रवार को सुबह 8 बजे से कड़ा और सिराथू ब्लाकों से की जाएगी। बृहस्पतिवार को दिनभर तीसरे चरण के चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में पुलिस और प्रशासनिक अफसर जुटे रहे।
प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के चुनाव का तीसरा चरण शनिवार को है। कौशाम्बी के सिराथू और कड़ा ब्लाक की 157 ग्रामसभाओं में तीसरे चरण के दौरान होने वाले चुनाव की तैयारियां पूरी कर लेने का दावा जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने किया है। उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में 157 ग्रामसभा के प्रधान और सदस्य पदों के लिए होने वाले चुनाव में 3.49 लाख मतदाता हैं। इसके लिए कुल 645 बूथ बनाए गए हैं। कड़ा ब्लाक की 65 ग्रामसभाओं के 254 बूथों पर 1016 कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। जबकि सिराथू ब्लाक की 92 ग्रामसभाओं के 391 बूथों पर 1564 कर्मचारी मतदान कराएंगे। दोनों ब्लाक से शुक्रवार को सुबह 8 बजे से पोलिंग पार्टियों और सुरक्षा कर्मचारियों की रवानगी की जाएगी। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए न्याय पंचायतवार काउंटर बनाए गए हैं।