करारी के म्योहर गांव के समीप बुधवार की दोपहर तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला का पैर कट गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने हालत नाजुक देख एसआरएन अस्पताल इलाहाबाद रेफर कर दिया। हादसे में मरणासन्न महिला की हालत देख परिजनों का हाल बेहाल है।
करारी थाना क्षेत्र के रानीपुर सुकवारा गांव की रहने वाली सलमा (37) पत्नी अमान उल्ला बुधवार सुबह बेटी नेदा (12) को इलाज कराने के लिए इलाहाबाद ले गई थी। बेनीराम कटरा उतरने के बाद भांजे मोहम्मद आरिफ के साथ बाइक से वह घर लौट रही थी। प्रत्यक्ष्यदर्शियों की मानें तो म्योहर गांव के समीप करारी की ओर से आए तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में टक्कर मारने के बाद महिला को रौंद दिया। हादसे में महिला का एक पैर कट गया।
हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को देते हुए घायल महिला को एंबुलेंस से ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने महिला की हालत नाजुक देख इलाहाबाद एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे से घायल के परिजनों और बच्चों का रो-रोकर हाल-बेहाल है।