बेखौफ चोरों ने शनिवार रात भरवारी के रहने वाले बीएसएफ दरोगा के घर चोरी की। बंद मकान का ताला तोड़कर चोर सोने, चांदी के गहने, कपड़े, नगदी, लैपटॉप समेत करीब 15 लाख का सामान समेट ले गए। चोरी की जानकारी लगते ही हड़कंप मच गया। सूचना पर डॉग स्कवॉयड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम के साथ पहुंचे अफसर घंटों चोरों का सुराग लगाने का प्रयास करते रहे, लेकिन नाकाम रहे।
कोखराज थाना क्षेत्र के जलीलपुर गांव के रहने वाले राजेश नारायण त्रिपाठी बीएसएफ में दरोगा है। इन दिनों उनकी पोस्टिंग अगरतला (त्रिपुरा) में है। भरवारी कस्बे के मेहता रोड पर भी उन्होंने मकान बना रखा है। यहीं पत्नी, बेटे, बहू समेत पूरा परिवार रहता है। इनका बड़ा बेटा विनय कुमार जलीलपुर ग्रामसभा से प्रधान पद का प्रत्याशी है। शनिवार को वोटिंग होने के कारण पूरा परिवार भरवारी वाले मकान में ताला लगाकर गांव गया हुआ था। रात में चहारदीवारी फांदकर चोर घुसे। मकान के 5 कमरों का ताला तोड़कर चोरी की।
संदूक, आलमारी, अटैची का ताला तोड़कर चोर हार, माथबिंदी, झुमका, झुमकी, जंजीर, मंगलसूत्र, नाक की कील, दर्जनभर अंगूठी, बाला, टॉप्स, पायल, कमरबंद समेत लगभग 10-12 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, बर्तन, कपड़ों के अलावा लैपटॉप, 12 हजार रुपये आदि सामान समेट ले गए। रविवार की सुबह जब गांव से विनय और परिवार के अन्य सदस्य भरवारी लौटे, तो कमरों का ताला टूटा और आलमारी, संदूक से गहनों समेत सारा कीमती सामान गायब देख उनके होश उड़ गए। भुक्तभोगी के मुताबिक चोर गहनों समेत करीब 15 लाख रुपये का माल समेट के ले भागे हैं। सूचना पर एसओ कोखराज, चौकी इंचार्ज भरवारी पहुंचे। घंटों पुलिस और डॉग स्कवॉयड के सदस्य चोरों का सुराग लगाने में जुटे रहे, लेकिन नाकाम रहे। कस्बाइयों का कहना है कि रात पुलिस की गश्त नहीं होने से ही चोरी की घटनाएं हो रही हैं।
मेहता रोड पर बीएसएफ के दरोगा के घर हुई चोरी मामले में पुलिस की नजर स्थानीय बदमाशों पर लगी है। एसओ कोखराज विपिन त्रिवेदी ने बताया कि एक ही दिन के लिए मकान बंद करके दरोगा का पूरा परिवार गांव गया था। इसी रात चोरी की यह वारदात हो गई। इससे लगता है कि यह काम स्थानीय चोर उचक्कों का ही है। पुलिस ने इन चोरों का पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है। मुखबिरों का जाल बिछाया गया है। एसओ ने दावा किया कि जल्द से जल्द चोरों का पता चलाकर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।