सैनी इलाके की रहने वाली एक किशोरी बुधवार की शाम से लापता है। वह बाजार गई थी, तभी से गायब है। खोजबीन के दौरान पता चला कि उसे दो युवक बाइक से ले गए हैं। घरवालों ने अपहरण की आशंका जाहिर करते हुए पड़ोस के ही दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है। किशोरी और उसके कथित अपहर्ताओं की खोजबीन में जुटी सैनी पुलिस फौरी तौर पर घटना को संदेह की नजर से देख रही है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी बुधवार की शाम बाजार कोई सामान खरीदने गई थी। तभी से गायब है। किशोरी के देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी खोजबीन में जुटे। इस दौरान पता चला कि उसे मोहल्ले के ही दो युवकों के साथ कुछ लोगों ने बाइक से जाते देखा है।
यह सुनते ही घरवाले सन्न रह गए। इन युवकों की बावत पता किया गया, तो जानकारी हुई कि दोनों युवक भी घर से गायब है। अपहरण की आशंका जाहिर करते हुए किशोरी के पिता ने घटना की जानकारी सैनी कोतवाली पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस अपह्त किशोरी और अपहर्ताओं की तलाश कर रही है। हालांकि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम संबंध का लग रहा है। वहीं घटना को लेकर गांव में भी तमाम तरह की चर्चाएं हैं।