मंझनपुर (ब्यूरो)। कौशाम्बी के कोखराज और सरायअकिल इलाके में शुक्रवार की शाम हुए सड़क हादसों में साधु और एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सतना के रहने वाले सन्यासी बाबा (65) अपने गुरू रामलाल बाबा के साथ कोखराज क्षेत्र के चमरूपुर गांव आए थे। दो दिन चमरूपुर में गुजारने के बाद शुक्रवार को दोनों संत बाइक से सुजातपुर गांव आ रहे थे।
हाइवे इस दौरान जैसे ही उनकी बाइक केशवपुर गांव के समीप पहुंची। सामने से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में सन्यासी बाबा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके गुरू रामलाला बाबा भी गंभीररूप से जख्मी हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उधर, सरायअकिल थाना क्षेत्र के चिरारी गांव निवासी राम जियावन (32) शुक्रवार की शाम गांव के ही रहने वाले नरेश कुमार के साथ बाइक से सरायअकिल बाजार आया था। शाम करीब 7.30 बजे दोनों घर जा रहे थे।
रास्ते में डीसीएम की टक्कर लगने से राम जियावन की मौत हो गई। जबकि नरेश भी घायल हो गया। सूचना पर आई पुलिस ने घरवालों को हादसे की जानकारी देते हुए घायल को सीएचसी सरायअकिल में भर्ती कराया। मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है।