मंझनपुर (ब्यूरो)। रिश्तेदार के घर महेवाघाट आए फतेहपुर के युवक की हत्या मामले में निगही गांव के व्यक्ति को सहअभियुक्त बनाए जाने को लेकर परिजन और गांववालों में गुस्सा है। एसओ पर फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को ग्रामीणों ने एसपी आफिस के सामने प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक को शिकायतीपत्र देकर पूरी घटना की किसी दूसरी एजेंसी से जांच करवाने की मांग की।
बता दें कि फतेहपुर के धाता कोतवाली क्षेत्र के किशुनपुर गांव निवासी अजय कुमार (23) पुत्र चंद्रबली के साढू का घर महेवाघाट थाने के घोघ का पुरा गांव में है। 25 अगस्त को वह साढू के घर आया था। वहीं अलवारा झील में उसकी लाश मिली थी। मामले में घरवालों की तहरीर पर पुलिस ने अजय के साढू शिवभोला के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। एफआईआर लिखने के बाद तफ्तीश में जुटी पुलिस अब इस मामले में निगही गांव के हरिकेश पुत्र माताबदल को भी सहअभियुक्त मान रही है। इसकी भनक लगते ही हरिकेश, उसके परिजन और गांववालों के होश उड़े हैं।
एसओ पर फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को हरिकेश के घरवालों के साथ ग्रामीणों ने आकर एसपी आफिस का घेराव किया। पुलिस कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने वालों ने एसपी को शिकायतीपत्र देकर अजय कांड की किसी अन्य एजेंसी से निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा प्रदर्शनकारियों को दिलाया। मामले में एसओ महेवाघाट अर्जुन सिंह ने बताया कि तफ्तीश में सामने आया है कि अजय को उसका साढू शिवभोला और हरिकेश अलवारा झील कमल के फूल की जड़ खोदने के बहाने लेकर गए थे। इसी झील में दूसरे दिन उसकी लाश मिली थी। तफ्तीश के आधार पर ही पुलिस इस घटना में कार्रवाई कर रही है।