भरवारी(ब्यूरो)। रेलवे क्रासिंग भरवारी पर ट्रेन की चपेट में आने से सोमवार को कस्बे की एक वृद्धा के चीथड़े उड़ गए। वह सुबह लाइन पार करके अपने किसी परिचित के घर जा रही थी। पुलिस छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वृद्धा की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे की रहने वाली तनूजा बेगम (68) पत्नी लल्लू प्रसाद बीड़ी बनाकर परिवार की जीविका चलाती थी। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे वह कस्बे में ही रहने वाले अपने किसी परिचित के घर जा रही थी। इस दौरान फाटक बंद होने के बाद भी वह भरवारी रेलवे क्रासिंग पर लाइन पार करने लगी। तभी इलाहाबाद की ओर से चौरी-चौरा एक्सप्रेस आ गई। इस ट्रेन की चपेट में आने से वृद्धा के चीथड़े उड़ गए।
हादसा देख आसपास रहे लोगों की रूह कांप गई। चीखते-चिल्लाते लोग दौड़े। मौके पर कस्बाईयों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर रोते-बिलखते परिवार के लोग भी पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंची जीआरपी ने छानबीन करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में वृद्धा की हुई मौत से परिजनों की रो-रोकर हालत खराब है।