कौशाम्बी में बुधवार को अचानक मौसम बदल गया। सुबह तेज पुरवा हवाओं के साथ आसमान पर डेरा जमाए बादल बरस पड़े। दिनभर रुक-रुककर फुहारें पड़ती रहीं। बूंदाबांदी के साथ ही ठंड ने भी दस्तक दे दी है। वहीं बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। बारिश के बाद अब किसान खेतों में पलेवा करके रबी की फसलों की बुआई प्रारंभ कर देंगे।
मानसून के समय बारिश नहीं होने से कौशाम्बी सूखे की चपेट में है। धान की 50 फीसदी से ज्यादा फसल चौपट हो चुकी है। वहीं खेतों में जरा भी नमी नहीं होने से किसान रबी की फसलों की भी बुआई नहीं कर पा रहे थे। इधर, बुधवार को अचानक मौसम बदल गया।
तेज चल रही पुरवा हवाओं के साथ आसमान में काले बादलों से भर गया। देखते ही देखते बुधवार की सुबह बारिश शुरू हो गई। सुबह से शुरू हुई बारिश रुक-रुककर दिनभर होती रही। तेज हवाओं के साथ दिन भर हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। ठंडक ने भी दस्तक दे दी। बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। बारिश की रिमझिम फुहारों से किसानों ने राहत की सांस ली। अन्नदाता इस बरसात को रबी की फसलों के लिए अमृत मान रहे हैं। उनका कहना है कि सूखे के कारण खेतों में बिल्कुल नमी नहीं थी। इससे चना, मटर, सरसों आलू आदि का जमाव नहीं हो पा रहा था। अब किसान इन फसलों की बुआई कर सकेंगे। गेहूं की बुआई के लिए भी खेतों की तैयारी हो जाएगी।