सदर तहसील के टेन गांव में महीनों से पानी के लिए हाहाकार मचा है। बस्ती में लगे ज्यादातर हैंडपंप गर्मी के महीने से ही खराब पड़े हैं। इससे लोगों को दूसरी बस्ती में लगे हैंडपंप अथवा फसलों की सिंचाई के लिए लगे सबमर्सिबल पंपों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी हैंडपंपों की मरम्मत और रिबोर नहीं कराए जाने से ग्रामीणों में गुस्सा है।
मंझनपुर तहसील क्षेत्र के टेन गांव में करीब 200 परिवार रहते हैं। एक हजार से भी अधिक आबादी वाले इस गांव में गिनती करने पर 20 इंडिया मार्का हैंडपंप लगे दिखते हैं। पर, इनमें से करीब 10 हैंडपंप तो बरसों से शोपीस बने हैं। इधर, मार्च, अप्रैल महीने में गर्मी शुरू होते ही 5 और हैंडपंपों से पानी निकलना बंद हो गया था। इससे गांव के ज्यादातर परिवारों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। गांव के रहने वाले वीरेंद्र नामदेव, अखिलेश कुमार सेन, ओमप्रकाश आदि ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति के यहां सबमर्सिबल पंप लगा है।
बिजली रहने पर लोग इसी सबमर्सिबल पंप पर लाइन लगाकर पानी भरकर ढोते हैं। बिजली गुल रहने पर लोग खेत में लगे नलकूप अथवा दूसरी बस्ती में लगे हैंडपंपों से पानी भरकर उसे साइकिल से ले आने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार पानी की समस्या से नेताओं को अवगत कराया गया। प्रधान, बीडीओ के अलावा जलनिगम के एक्सईएन से भी शिकायत की गई। इसके बाद भी खराब पड़े हैंडपंपों को रिबोर नहीं कराया जा रहा है। नेताओं और अफसरों की इस अनदेखी का गांववालों में जबरदस्त आक्रोश है।