तहसील क्षेत्र के अटसराई गांव का एक वृद्ध किसान बृहस्पतिवार की सुबह खेत गया था। वहां दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। अशंका जताई जा रही है कि खेत में फसलों की बर्बादी देख उसे हार्ट अटैक हुआ है। किसान की मौत से घर परिवार के लोगों की रो-रोकर हालत खराब है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सिराथू तहसील क्षेत्र के अटसरांय गांव निवासी ज्ञान सिंह (60) पुत्र स्व. राम गोपाल बृहस्पतिवार की सुबह गांव में ही स्थित अपने खेत गया था।
आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों का कहना है कि खेत पहुंचते ही वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। वृद्ध को जमीन पर गिरा देख मौके पर रहे लोग दौड़कर मदद के लिए पहुंचे। पानी की छीटें मारकर उसे होश में लाने की कोशिश करने के साथ ही लोगों ने मामले की जानकारी किसान के परिजनों को दी। सूचना पाकर आननफानन में खेत पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का इंतजाम कर रहे थे। इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त मौके पर रहे लोगों में चर्चा है कि सूखा खेत देख उसे सदमा लगा है। इसी से उसकी मौत हुई है। वृद्ध की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। देर शाम परिजनो ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।