मंझनपुर। स्वजल धारा योजना के तहत मिनी पानी की टंकी निर्माण में सयारा मीठेपुर गांव में जमकर खेल हुआ है। आरोप है कि डेढ़ साल पहले टंकी निर्माण के लिए 15.70 लाख रुपये खाते से निकाले गए थे। फिर भी अब तक एक भी टंकी नहीं बन सकी है। इसे लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को गांववालों ने आकर हुंकार भरी। डीएम से शिकायत करके जांच और टंकी निर्माण करवाने की मांग की है।
कड़ा ब्लाक के सयारा मीठेपुर गांव के रहने वाले अजहरउद्दीन, मोहम्मद आसिफ, चुन्नू खान, इसहाक अली, अफसार अहमद, सलाउद्दीन, अबरार अहमद, महफूज हसन, मोहम्मद अली, अख्तर अहमद आदि ने बताया कि उनके गांव में पानी की समस्या को देखते हुए स्वजल धारा योजना के तहत छह मिनी पानी की टंकी के निर्माण को मंजूरी मिली थी। इसके लिए 19.62 लाख रुपये मंजूर किया गया था। डेढ़ साल बाद भी अब तक गांव में पानी की एक भी टंकी नहीं बनाई जा सकी है। गांववालों के मुताबिक उन्होंने इसकी शिकायत डीएम, सीडीओ और डीडीओ से की थी।
शिकायत पर डीडीओ ने खुद आकर इसकी जांच की थी। तब सामने आया था कि टंकी निर्माण के लिए तीन जून 2013 और 26 अगस्त 2013 को कुल 15.70 लाख रुपये निकाले गए हैं। इसके बाद भी टंकी नहीं बनाई गई। जांच के बाद डीडीओ ने 20 अगस्त 2014 को ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष को नोटिस भी भेजी थी। जिसमें दो दिन में टंकी निर्माण कराकर खर्च का बाउचर उपलब्ध कराने को कहा था। चेताया था कि ऐसा नहीं किए जाने पर रिकबरी की जाएगी। इसके बाद भी गांव में टंकी का निर्माण और निकाले गए पैसे की रिकबरी नहीं की जा सकी है। इस मनमानी के खिलाफ ग्रामीणों ने अब मोर्चा खोल दिया है। डीएम ने सीडीओ को जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।