सैनी, अजुहा उपकेंद्र से जुड़े बाजार और गांवों में अंधाधुंध बिजली कटौती पर स्थानीय सपा विधायक मंगलवार को बिफर गए। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिशाषी अभियंता को जमकर फटकार लगाई। रोस्टर मुताबिक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हफ्तेभर का समय दिया। चेताया कि समस्या का समाधान नहीं होने पर सीएम से शिकायत की जाएगी।
बताया जाता है कि विद्युत सबस्टेशन सैनी की केबल पर अजुहा सबस्टेशन का लोड दिए जाने से सैनी, अजुहा समेत 30 से अधिक गांवों के लोगों को 24 घंटे में करीब दो घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। वहीं आपूर्ति शुरू होते ही ओवरलोड के कारण लाइन और उपकेंद्र में फाल्ट शुरू हो जाता है। इससे करीब 15 दिनों से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
खेती के मौसम में बिजली नहीं मिलने से धान समेत अन्य फसलों पर विपरीत असर पड़ रहा है। इससे किसानों में जबरदस्त आक्रोश है। शिकायत के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी कटौती पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। इससे आजिज ग्रामीणों ने मंगलवार को स्थानीय विधायक वाचस्पति से शिकायत की। ओवरलोड के कारण रोजाना लाइन में फाल्ट होने से अक्सर बत्ती गुल रहती है। विधायक ने एक्सईएन को जमकर फटकार लगाई। उन्हें सुधार के लिए हफ्तेभर का समय दिया है।