क्षेत्र के हिसामपुर गांव में सोमवार की सुबह हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से ट्रक पर बैठे सात मजदूर गंभीर रुप से झुलस गए। सभी मजूदरों की हालत नाजुक बनी हुई हैं। इन्हें एसआरएन हास्पिटल इलाहाबाद में भर्ती कराया गया है। करारी थाना क्षेत्र के हिसामपुर गांव निवासी रिजवान (40), एखलाक अहमद (46), शकील (33), जंगली (37), हीराबाबा (42), जमील (53), और हुसैन (24) मजदूर हैं। ये सभी लोग पशुओं की खरीद-फारोख्त करने वाले एक व्यापारी के यहां काम करते हैं। दो दिन पहले सभी मजदूर मवेशियों को ट्रक में लादकर उन्हें बेचने मेरठ गए थे।
सोमवार को वापस आते समय जैसे ही ट्रक करारी के हिसामपुर गांव के समीप पहुंचा। सड़क किनारे लटक रहा हाईटेंशन तार ट्रक में बैठे एखलाक से टकरा गया। एखलाक के तार की चपेट में आने से पूरे ट्रक में करंट उतर आया और वाहन की केबिन के भीतर बैठे साथी मजदूर भी चपेट में आ गए। हालांकि इसी बीच तार टूट जाने के कारण बिजली सप्लाई बाधित हो गई। वरना बड़ी अनहोनी संभव थी। उधर, मजदूरों के चीखने चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े। गांव के लोगों ने झुलसे हुए मजदूरों को ट्रक से बाहर निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया और इसकी जानकारी परिजनों के साथ इलाकाई पुलिस को भी दी। उधर, सभी घायलों की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें एसआरएन हास्पिटल इलाहाबाद रेफर कर दिया है। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक फरार हो गया।