लोहिया आवास दिलाने के बहाने गरीबों से पैसा ऐंठने वाले कोखराज क्षेत्र के तीन युवकों के खिलाफ पुलिस ने घटना के तीन महीने बाद एफआईआर दर्ज की है। इन युवकों ने गांव की ही एक महिला को पैसों के लेन-देन के विवाद में पीटकर लहूलुहान कर दिया था। तब से महिला रिपोर्ट दर्ज कराने को भटक रही थी। वहीं एफआईआर दर्ज होने की जानकारी होते ही तीनों आरोप घर से फरार हैं।
कोखराज थाना क्षेत्र के करेंटी नौढ़िया गांव की रहने वाली सावित्री देवी पत्नी दीनानाथ ने बताया कि करीब छह महीने पहले पहले गांव के ही तीन लोगों ने उसे लोहिया आवास दिलाने का झांसा देकर उससे तकरीबन 25 हजार रुपए ऐंठ लिए थे। दो महीने बाद भी आवास नहीं मिलने पर उसने फरेबी युवकों से पैसे की मांग की। पहले तो युवक उसे बहाना बनाकर टरकाते रहे, लेकिन जब जून में उसने फिर से इन युवकों से पैसा मांगा, तो तीनों युवक उससे भिड़ गए।
कहासुनी के बाद तीनों ने उसके घर पर हमला कर दिया। घर में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर हमलावरों ने उसकी पिटाई करते हुए अधमरा कर दिया। शोर पर ग्रामीणों को आते देख हमलावर महिला को पूरे परिवार समेत मार डालने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना की जानकारी कोखराज पुलिस को दी थी। दूसरे दिन वह शिकायत लेकर थाने भी गई, लेकिन पुलिस ने उसे डांटकर भगा दिया। पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को कोखराज पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।