नगर कोतवाली क्षेत्र के गंभीरा पूरब गांव में रहने वाली एक महिला ने ग्राम प्रधान पर लोहिया आवास की रकम छीन लेने का आरोप लगाया है। महिला को प्रधान धोखा देकर खुद बैंक ले गया था। वहां कागजों में हस्ताक्षर कराकर उसने रुपये निकाल लिए। भुक्तभोगिनी ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। एसपी ने कोतवाली पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के गंभीरा पूरब गांव की रहने वाली संगीता देवी ने बताया कि वह निर्धन परिवार से ताल्लुक रखती है। मेहनत मजदूरी कर किसी तरह उसका परिवार चलता है। महिला की मानें तो उसने लोहिया आवास के लिए आवेदान किया था। पात्र होने की वजह से उसके खाते में आवास की रकम आ गई। 18 सितम्बर को उसका पति किसी काम से कहीं बाहर गया था।
इस दौरान ग्राम प्रधान उसके घर आया और उसने बैंक चलने के लिए कहा। महिला ने पति के आने का इंतजार करने को कहा तो प्रधान ने कहाकि वह अभी नहीं चलेगी तो आवास नहीं मिल पाएगा। ऐसे में महिला प्रधान के साथ बैंक चली गई। आरोप है कि वहां कागजों पर हस्ताक्षर कराने के बाद प्रधान ने खाते से एक लाख 37 हजार रुपये निकाल लिए और 60 हजार रुपया खुद रख लिया। बाकी 77 हजार वापस कर दिया। बताया कि कहीं भी शिकायत करने पर महिला को प्रधान ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस अधीक्षक एसए पंकज ने शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई कराने की बात कही है।