क्षेत्र के मादपुर गांव में डेंगू ने अपने पांव तेजी से पसारना शुरू कर दिया है। गांव में रहने वाली एक युवती समेत तीन लोग इस जानलेवा बीमारी की चपेट में हैं। जिनका इलाज इलाहाबाद के निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। डेंगू की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत पसर गई है। उधर, स्वास्थ्य महकमे के अफसर जानकारी दिए जाने के बाद भी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। चायल तहसील क्षेत्र के मादपुर गांव निवासी अरविंद पटेल (22) पुत्र गणेश प्रसाद की तबीयत पखवारे भर पहले अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने स्थानीय स्तर पर इलाज कराया लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर इलाहाबाद गए।
वहां निजी अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने डेंगू की पुष्टि की। इसी गांव की सुमन (25) पुत्री अरुण कुमार और सुशील (28) पुत्र इंद्रपाल को भी तबीयत ज्यादा खराब होने पर इलाहाबाद ले जाया गया तो चिकित्सकों ने डेंगू की पुष्टि की। गांव में खतरनाक बीमारी की दस्तक से लोग सहमे हुए हैं। लोगों का कहना है कि इसकी जानकारी दो दिन पहले ही स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों को दे दी गई है। पर, दूसरे दिन तक चिकित्सकों की टीम गांव नहीं पहुंच सकी थी। मामले में प्रभारी सीएमओ डॉ. बीएल जायसवाल का कहना है कि जल्द ही डॉक्टरों को गांव भेजकर बीमारी से निपटने के उपाय किए जाएंगे।