स्थानीय पशु अस्पताल में तैनात एक चिकित्सक के सामने विभागीय अफसरों ने घुटने टेक दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत पर की गई जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ अभी तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने कार्रवाई नहीं होने पर अस्पताल में ताला बंद करने की चेतावनी दी है। पश्चिमशरीरा बाजार में रहने वाले दिनेश यादव, रामलाल, पप्पू गुप्ता, श्रवण कुमार, राजू यादव आदि ने बताया कि पशु चिकित्सालय में तैनात एक चिकित्सक ने मनमानी की हद कर दी है।
वह इलाहाबाद में रहते हैं। प्रतिदिन सुबह 11 बजे के बाद अस्पताल आते हैं। दो बजे से पहले ही चले जाते हैं। कभी-कभी तो चिकित्सक अस्पताल आते ही नहीं हैं। गांव के लोगों की मानें तो वह सरकारी दवाएं बेच देते हैं। इसके अलावा पशुओं के उपचार का सरकारी रेट से अधिक रुपया भी लेते हैं। बताया कि शिकायत पर सीवीओ ने जांच की थी। इसमें मनमानी की पुष्टि भी हुई। इसके बावजूद अधिकारी लापरवाह चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। गांव के लोगों ने 15 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर अस्पताल में ताला बंद कर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस सदंर्भ में सीवीओ डॉ.एसपी पांडेय ने जल्द ही कार्रवाई की बात कही है।