सैनी क्षेत्र के गंगा के तराई स्थित एक गांव में एक रईसजादे और गरीब परिवार की बेटी के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग में पंचायत ने युवती के परिजनों को उसका गर्भपात कराने का फरमान सुनाया। पंचायत के फरमान पर अमल करते हुए परिजनों ने युवती का गर्भपात करवा दिया। भनक लगने पर मामले की तहकीकात करने पहुंची पुलिस के सामने किसी ने मुंह नहीं खोला तो उसे भी खाली हाथ लौटना पड़ा।
सैनी क्षेत्र के गंगा की तराई में बसे एक गांव के समुदाय विशेष के रईसजादे का उसी की बिरादरी के गरीब परिवार की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। युवती के घरवालों को इस बात की खबर हुई तो वह इंसाफ के लिए पंचायत के दरवाजे पर पहुंचे। घटना को लेकर शुक्रवार को गांव में पंचायत हुई। इस पंचायत ने युवती पक्ष को गर्भपात कराने का तुूगलकी फरमान सुना दिया। इतना ही नहीं भविष्य में ऐसी हिमाकत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की भी धमकी दी। नसीहत दी गई कि समाज से बड़ा कोई नहीं होता है। चर्चा है कि रईसजादे के परिवार के पक्ष में पंचायत का तुगलकी फरमान जारी होने के बाद सकते में आए परिजनों ने युवती का गर्भपात करवा दिया।
मंगलवार को जब यह बात फैली तो पुलिस गांव तक जा पहुंची। प्रभारी निरीक्षक सैनी दिनेश कुमार यादव देवीगंज और घोसियाना चौकी प्रभारियों के साथ संबंधित गांव पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित पक्ष के घर जाकर घटना के बाबत पूछताछ भी की। पुलिस के सामने पीड़िता नहीं आई। परिजन उसके ननिहाल में होने की बात कहते रहे। कोतवाल का कहना है कि परिजन ऐसी किसी भी घटना से इंकार कर रहे हैं। युवती को सामने बुलाया गया है उसके आने के बाद ही सच सामने आ पाएगा।