पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र का मलाक मोहिद्दीनपुर गांव मंगलवार को सुलगने से बच गया। विक्षिप्त युवक द्वारा अलम सहीदन बाबा की मजार का गुबंद क्षतिग्रस्त किए जाने को लेकर दो समुदाय के लोगा आमने-सामने होने से बच गए। पुलिस, पीएसी के गांव पहुंचे डीएम-एसपी ने बिगड़ती स्थित पर काबू पाते हुए उग्र लोगों को शांत कराया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेते हुए पागल खाने भेज दिया है। उधर गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी के जवानों को तैनात कर दिया गया है।
पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के मलाक मोहिद्दीनपुर गांव स्थित अलम सहीदन बाबा की मजार है। बताया जा रहा है कि गांव का विक्षिप्त युवक अजय कुमार मंगलवार की सुबह मजार के गुंबद में चढ़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। युवक का दुस्साहस देख समुदाय के लोग मौके पर पहुंचे तो युवक ने उन पर ईट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। समुदाय के लोगों को उग्र देख किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। बवाल की खबर मिलते ही डीएम-एसपी कई थानों की पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ गांव पहुंचे।
अफसरों ने उग्र लोगों को शांत कराते हुए क्षतिग्रस्त मजार को ठीक कराए जाने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेने के बाद परिजनों को बुलाकर छानबीन की तो पता चला कि अजय का दिमागी संतुलन ठीक नहीं रहता है। जिसका इलाज भी इलाहाबाद एसआरएन अस्पताल में चल रहा है। अभिलेखों को खंगालने के बाद युवक को पागल खाने भेजवा दिया है। जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मजार का गुंबद ठीक करवा दिया गया है। जिस युवक ने यह हरकत की है उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं रहती है। उधर गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी के जवानों को ऐतिहातन तैनात कर दी गई है।