थाना क्षेत्र के बटबंधुरी के समीप तेज रफ्तार टेंपो ने सड़क पार कर रहे एक मासूम बालक को कुचल दिया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। साथ रही एक वर्षीय बच्ची के साथ मां भी घायल हो गई। पड़ोसी गांव में बिजली का खंभा तोड़कर भाग रहा डंपर चालक के नियंत्रण खो देने से डंपर गुमटी में जा घुसा। दुर्घटना में दो युवकों को चोटें आई हैं। हादसे के बाद उग्र ग्रामीणों ने डंपर चालक को दबोच कर बेरहमी से पीट दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में हुई बालक की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।
करारी थाना क्षेत्र के अड़हरा गांव निवासी कामता प्रसाद की पत्नी मुर्दी देवी दो दिन पहले रक्षाबंधन पर मायके घमसिरा गांव गई थी। सोमवार सुबह बेटे राहुल (08) और शर्मिला (01) के साथ घर लौट रही थी। बट बंधुरी गांव के समीप राहुल छोटी बहन को गोद में लेकर सड़क पार कर बस में चढ़ने के लिए बढ़ा तभी तेज रफ्तार एक टेंपो ने टक्कर मारते हुए उसे कुचल दिया। हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शर्मिला घायल हो गई। उधर कौशाम्बी थाना क्षेत्र के कबीर मठ के समीप बिजली का खंभा और कुटी क्षतिग्रस्त करते हुए एक डंपर चालक भाग रहा था। बट बंधुरी के समीप दुर्घटना के कारण सड़क पर जुटी भीड़ देख वह नियंत्रण खो बैठा।
इससे वह डंपर लेकर एक गुमटी में घुस गया। डंपर की चपेट में आने से गुमटी के समीप बैठे धर्मेन्द्र कुमार (17) और कुलदीप (15) घायल हो गए। घटना के बाद फिर डंपर लेकर चालक भागने लगा। मगर घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने चालक को धर दबोचा और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर डंपर चालक को हिरासत में लिया। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए मासूम बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।