पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के बेगमपुर गांव में बुधवार की सुबह नागपंचमी पर गांव के बाहर ईंट भट्ठे पर गुड़िया पीटने गई तीन बच्चियां पानी भरे गड्ढे में डूब गईं। हादसा देख अन्य बच्चे शोर मचाते हुए गांव पहुंचे और जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे गांव के लोग जब तक गहरे पानी में डूबी बच्चियों को बाहर निकालते दो बच्चियों की मौत हो चुकी थी जबकि एक बच्ची की हालत नाजुक बनी है। हादसे के बाद से मृत बच्चियों के परिवार में कोहराम मचा है।
पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के बेगमपुर गांव की रहने वाली उमा देवी (07) पुत्री राम सूरत, माही (05), पायल (07) पुत्री जयनेन्द्र बुधवार की सुबह नागपंचमी पर्व के अवसर पर गांव के 20-25 अन्य बच्चों के साथ नाग को दूध पिलाने और गुड़िया पीटने के लिए गांव के समीप बंद पड़े पुराने ईंट भट्ठे पर गई थीं। इस दौरान तीनों बच्चियां पानी भरे गड्ढे में कूदकर नहाने लगीं। अचानक तीनों गहरे पानी में जाकर डूब गईं। हादसा देख साथ रहे अन्य बच्चे शोर मचाते हुए गांव पहुंचे और हादसे की जानकारी गांव वालों को दी। घटनास्थल पर पहुंचे गांव के लोग जब तक बच्चियों को गड्ढे से बाहर निकालते तक उमा और माही की मौत हो चुकी थी जबकि पायल की हालत नाजुक देख घर वाले उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद इलाहाबाद रेफर कर दिया। हादसे के बाद से मृत बच्चियों के परिवार में कोहराम मचा है।