हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से शुक्रवार की रात महेवा रोड स्थित एक ढाबा धू-धूकर जल गया। लपटों की बीच फंसे लोग किसी तरह जान बचाकर भागे और हादसे की जानकारी उपकेन्द्र कर्मियों को देकर बिजली आपूर्ति ठप कराते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के कोड़र गांव के अमर नाथ मौर्या ने ओसा के समीप महेवा रोड पर ढाबा खोल रखा है। शुक्रवार रात अचानक ढाबे के ऊपर से गुजरा हाईटेंशन तार अचानक टूटकर ढाबे के ऊपर गिर गया।
इससे ढाबा धू-धूकर जलने लगा। लपटों के बीच कर्मियों के साथ घिरा संचालक किसी तरह जान बचाकर ढाबे के बाहर निकला। मौके पर पहुंचे लोगों ने हादसे की जानकारी बिजली उपकेन्द्र के कर्मियों को देते हुए आपूर्ति बंद कराई। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। मगर जब तक लोग आग पर काबू पाते दुकान में रखे बर्तन, कपड़े, खाद्य सामग्री आदि जलकर राख हो चुके थे। इस घटना से ढाबा संचालक को करीब 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।