कोखराज के खोजवापुर मलाक रेजमा गांव का एक पशुपालक बृहस्पतिवार को गंगा नदी में डूब गया। सुबह वह मवेशियों को चराने ले जाने के लिए गंगा नदी पार कर रहा था। हादसा देख नदी किनारे रहे लोग हादसे की जानकारी परिजनों के साथ पुलिस को दी। देर शाम तक स्थानीय गोताखोर नदी में पशुपालक का शव खोजते रहे। मगर गोताखोरों को कोई सफलता नहीं मिली। युवक के नदी में डूबने से घर-परिवार में कोहराम मचा है।
बता दें कि कोखराज थाना क्षेत्र के खोजवापुर मलोक रेजमा गांव निवासी राम सिंह (45) पशु पालक है। बृहस्पतिवार की सुबह वह रोज की तरह मवेशियों को चराने ले जाने के लिए गंगा पार जा रहा था। गंगा पार करने के लिए वह मवेशियों के साथ नदी में कूद पड़ा। गाय की पूंछ पकड़ कर वह नदी पार कर रहा था। अचानक पूंछ हाथ से छूट गई और वह नदी के गहरे पानी में समा गया। हादसा देख गंगा घाट पर मौजूद गांव के अन्य लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस के साथ परिजनों को दी। रोते-बिलखते घर-परिवार के लोग घाट पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे पशुपालक को खोजने का प्रयास किया। देर शाम तक गोताखोर शव नदी से नहीं खोज सके थे। युवक के नदी में डूबने से घर-परिवार में कोहराम मचा है।