अपर महानिरीक्षक कारागार ने रविवार को कौशाम्बी जेल का औचक मुआयना किया। इस दौरान उन्हें तमाम खामियां मिलीं। अव्यवस्था पर भड़के एआईजी ने जेल अधीक्षक को फटकारते हुए सप्ताह भर के भीतर व्यवस्था लकदक करने का निर्देश दिया। अफसर की भौंहें चढ़ी देख जिला कारागार के अफसर और कर्मियों के होश उड़े रहे।
अपर महानिरीक्षक कारागार डॉ. अख्तर रियाज रविवार को कौशाम्बी के एक दिवसीय दौरे पर रहे। जिला कारागार पहुंचकर उन्होंने बैरक के साथ कैंटीन आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें तमाम खामियां मिलीं। कैंटीन में भारी मात्रा में बीड़ी, पान मसाला आदि देख उनका पारा गरम हो गया। जेल अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल कैंटीन बंद कराने का निर्देश दिया। बैरक में तैनात बंदीरक्षक संजय गुप्ता को वहां से हटाकर टॉवर में तैनात करने का निर्देश दिया। बता दें कि 15 जुलाई को बंदियों के बीच हुई मारपीट में जेलर समेत पांच लोगों के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था।
उच्चधिकारियों के संज्ञान में मामला पहुंचने के बाद रविवार को एआईजी ने कारागार की हकीकत खंगाली। निरीक्षण के दौरान ही पूरामुफ्ती के शातिर अपराधी अतीक उर्फ चंदन के कुछ गुर्गे टीवी लेकर जेल के भीतर जा रहे थे। बंदीरक्षकों की नजर उन पर पड़ी तो गुर्गों को रोक दिया गया। एआईजी के बाहर आने पर लोगों ने इसकी जानकारी उन्हें दी तो उन्होंने जेल अधीक्षक को फिर कड़ी फटकार लगाई। चेताया कि सप्ताह भर के भीतर जेल की व्यवस्था को दुरुस्त करा दी जाए अन्यथा जिम्मेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।