गैस टैंकर में धमाके के बाद लगी आग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कौशाम्बी के कोखराज टोल प्लाजा पर शुक्रवार को एलपीजी गैस टैंकर की लापरवाही से हुई टक्कर के बाद भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में टोल प्लाजा के एक कर्मचारी आलोक सिंह की मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए थे। पुलिस ने इस मामले में एलपीजी गैस टैंकर के अज्ञात चालक के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
यह घटना शुक्रवार, 26 जून को सुबह लगभग 06:35 बजे हुई। एलपीजी गैस टैंकर (रजिस्ट्रेशन नंबर CG07BQ2524) के चालक ने कोखराज टोल प्लाजा की टोल लेन में लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गैस का रिसाव हुआ और देखते ही देखते भीषण आग लग गई।
इस अग्निकांड में कोखराज टोल प्लाजा का संपूर्ण भाग जलकर नष्ट हो गया। यहां पर खड़ी 15 बाइक, एक चार पहिया वाहन और टोल पर लगे सभी उपकरण जलकर नष्ट हो गए। हादसे में टोल प्लाजा पर कार्यरत आलोक सिंह, हीरमणि सिंह, कृष्णापाल मौर्या, अतुल कुमार मिश्रा समेत एक राहगीर अनिल कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल, मंझनपुर भेजा गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसआरएन अस्पताल, प्रयागराज रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान आलोक सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
टोल प्लाजा मैनेजर अनूप कुमार पांडेय ने इस संबंध में कोखराज थाने में प्रार्थना पत्र दिया, जिसके आधार पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 281, 106(1), 125(b) और 324(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उपनिरीक्षक शाह आलम खान को मामले की जांच सौंपी गई है।