महेवाघाट थाना क्षेत्र में सोमवार को सरसवां ब्लॉक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका और उनके सात माह के बेटे की मौत हो गई, जबकि पति और पांच वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
महेवाघाट थाना क्षेत्र में सोमवार को सरसवां ब्लॉक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका और उनके सात माह के बेटे की मौत हो गई, जबकि पति और पांच वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र के जायसवां गांव निवासी मोहम्मद फैजान फारूकी (46) अपनी पत्नी साइमा फारूकी (35), सात माह के बेटे अब्बास और पांच वर्षीय बेटी मनाल के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से राजापुर जा रहे थे। साइमा राजापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका थीं। परिवार सरसवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंचा ही था कि सामने से कथित रूप से गलत दिशा से आ रही एंबुलेंस से कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने साइमा फारूकी और उनके सात माह के बेटे अब्बास को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहम्मद फैजान फारूकी और बेटी मनाल का गंभीर हालत में उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।