धनपरा गांव के एक युवक की सोमवार की सुबह गांव से बाहर दो किलोमीटर दूर एक आम के पेड़ पर लटकती लाश मिली है। युवक की लाश मिलने की सूचना पर आसपास गांव के काफी लोग पहुंच गए। सूचना पर रोते-बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
धनपरा गांव के धर्मबीर पासी प्रयागराज के हंडिया क्षेत्र के एक भट्टे पर अपने छोटे बेटे मेघनाद के साथ मजदूरी करते हैं। उनका बड़ा बेटा बुधराम (25) बिहार में एक भट्ठे पर मजदूरी करता था। बुधराम की तीन जुलाई को तिलक और आठ जुलाई को बरई बंधवा में शादी होनी थी। दो दिन पहले वह बिहार के भट्ठा से घर आया था। रविवार की रात वह बिना बताए घर से निकला था। सोमवार की सुबह उसके घर से करीब दो किलोमीटर दूर बंधवा-एकौरा गांव के बीच एक आम के पेड़ पर बुधराम की फांसी पर लटकती लाश मिली।
पेड़ पर लाश मिलने की सूचना पर आसपास गांव के काफी लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर बुधराम की मां गीता देवी, बहन सुषमा और विमला रोते बिलखते मौके पर पहुंची। बुधराम के पिता और भाई भी भट्ठा से चल दिए हैं। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि प्रथम दृश्य मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।