चायल तहसील क्षेत्र के पिपरी और निजामपुर पुरैनी गांव की घटना, कोहराम
चरवा। चायल तहसील क्षेत्र के पिपरी गांव में मंगलवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं, निजामपुर पुरैनी गांव में तड़तड़ाहट से घबराकर एक महिला बेहोश हो गई। युवक की सांसें थमने से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
चरवा इलाके के पिपरी गांव का मुन्ना सिंह पटेल (35) पुत्र गोले प्रसाद किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। मंगलवार सुबह वह पशु के लिए चारा लेने खेत गया था। वहां तेज बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई। दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। इसी तरह निजामपुर पुरैनी गांव की आशा देवी सुबह घर पर कपड़े धुल रही थी। तभी उसके घर के समीप स्थित तालाब में बिजली गिरी। इसकी तड़तड़ाहट से घबराकर आशा बेहोश हो गई। उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।