प्रतियोगिता में जीत हासिल कर कैमरे में यादगार पल कैद करते प्रतिभागी। संवाद
कौशाम्बी की हैंडबॉल टीम ने मंगलवार को प्रयागराज के एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में आयोजित मंडलीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 के बालक और बालिका वर्ग के खिताबी मुकाबले में टीम ने जीत दर्ज की है। दोनों वर्गों में टीम ने प्रतपागढ़ को मात देकर ट्रॉफी अपने नाम की।
टीम मैनेजर अजीत कुमार, कोच ज्ञानेंद्र सिंह और महिला कोच संगीता सिंह के मार्गदर्शन में कौशाम्बी के खिलाड़ियों ने जीत सुनिश्चित की। जिला माध्यमिक विद्यालय क्रीड़ा समिति के खेल सचिव श्याम लाल ने बताया कि अंडर-19 बालक वर्ग में कौशाम्बी की टीम उपविजेता रही।
वहीं, अंडर-14 बालक व बालिका वर्ग के दोनों वर्गों में कौशाम्बी की टीम उपविजेता रही। जिला विद्यालय निरीक्षक एलबी मौर्य ने हैंडबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी है।