नगर पालिका परिषद भरवारी के एक भाजपा नेता ने अपना वोट डालने के बाद मतपत्र की फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर डाल दी। पोस्ट वायरल होने के बाद लाइक और कमेंट की झड़ी लग गई। वहीं, मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने जांचकर कार्रवाई की बात कह रही है।
मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित था। गेट पर मौजूद पुलिसकर्मी मीडिया के लोगों को भी मोबाइल बूथ के अंदर नहीं ले जाने दे रहे थे। इसके बावजूद एक युवक कोखराज कोतवाली इलाके के नगर पालिका परिषद भरवारी में बने मतदान केंद्र के अंदर बूथ तक मोबाइल ले जाने में कामयाब हो गया। युवक ने भाजपा प्रत्याशी के चुनाव चिन्ह के सामने मोहर लगाई और फोटो खींचकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह पोस्ट किसी गुड्डन तिवारी नाम के पेज से वायरल की गई है। मतपत्र पोस्ट करने वाला युवक खुद को भाजपा नेता बना रहा है। इस बाबत इंस्पेक्टर विनोद मौर्या का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।