कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम कर लिया है। जत्था रवाना होने वाले मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। साथ ही बस व रेलवे स्टेशन के अलावा रास्ते में पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी।
जिले में बड़ी संख्या में शिवभक्त काशी विश्वनाथ धाम या फिर बाबा बैजनाथ धाम में जल चढ़ाने जाते हैं। सावन के पहले दिन से ही भक्तों का जत्था रवाना होने लगा है। ज्यादातर शिवभक्त कड़ाधाम के कुबरी घाट से गंगा जल भरकर जलाभिषेक के लिए जाते हैं। इसे लेकर पुलिस ने कांवड़ियों की सख्त सुरक्षा का प्रबंध किया है।
एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के दो प्रमुख रेलवे स्टेशन भरवारी व सिराथू में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। गंगा का जल स्तर बढ़ने के कारण कड़ा के कुबरी घाट पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। घाट पर नगर पंचायत की तरफ से सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।
ज्यादातर शिवभक्त जिले से ट्रेन या बस से सफर कर बाबाधाम को जाते हैं। इसके बावजूद जिन मार्गों से कांवड़ियों को जाना है वहां पर भी पुलिस मुस्तैद की गई है। कुछ स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कराई जा रही है। इस बार सावन का महीना दो माह का है। इसे लेकर सुरक्षा का सख्त प्रबंधन किया गया है।