चायल क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में बृहस्पतिवार शाम हुई बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से एक वृद्धा की मौत हो गई। जबकि सगे भाई समेत तीन युवक झुलस गए, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में चार बकरियों की भी मौत हो गई।
बहुंगरा निवासी सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक छोटेलाल की पत्नी राजरानी (60) बृहस्पतिवार शाम बगीचे में महुआ की गोही बीनने गईं थीं। शाम पांच बजे अचानक तेज बारिश होने लगी।
बारिश से बचने के लिए राजरानी एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी बीच तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से वह झुलस गईं। परिजन उन्हें इलाज के लिए प्रयागराज के निजी अस्पताल ले गए। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
बसुहार निवासी रामचंद्र के बेटे संजय (26) व राजू (23) भी शाम को गांव के बगीचे में आम व महुआ की गोही बीन रहे थे। बारिश से बचने को दोनों भाई पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इसी बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे घरवालों ने झुलसे संजय व राजू को इलाज के लिए बेनीरामकटरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। राजू की हालत गंभीर होने पर प्रयागराज के एसआरएन रेफर कर दिया गया।
वहीं समीप ही खेतों में गांव के अर्जुन व भीम की बकरियां चर रही थीं। बिजली की चपेट में आकर दोनों की चार बकरियों की भी मौत हो गई।
क्षेत्र के खपरा खंदेउरा निवासी सूरजपाल का बेटा छोटू (18) भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गया। इलाज के लिए उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनाओं की सूचना के बाद नायब तहसीलदार मोबीन अहमद राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे और मौका मुआयना के बाद पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा मिलने वाली सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।