कोहरे का असर ट्रेनों पर दिखने लगा है। अधिकतर ट्रेनें घंटों देरी से चल रहीं हैं। 04152 लोकमान्य कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 25 घंटे देरी से सोमवार को दोपहर 2:24 बजे भरवारी स्टेशन पहुंची। ऐसे में यात्रियों के काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भरवारी से कानपुर की ओर से सुबह मेमो, चौरीचौरा एक्सप्रेस और महानंदा एक्सप्रेस जाती हैं। सुबह की पहली ट्रेन होने के कारण मेमो से बड़ी संख्या में यात्री कानपुर, फतेहपुर, खागा और बिंदकी आदि स्टेशनों के लिए सफर करते हैं। सोमवार को मेमो 15 मिनट की देरी से आई। चौरीचौरा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 2 घंटे 15 मिनट की देरी से भरवारी पहुंची।
वहीं लोकमान्य कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन रविवार की दोपहर 1:15 बजे पहुंचने की जगह सोमवार को दोपहर 2:24 बजे 25 घंटे देरी से पहुंची। ऐसे में इस ट्रेन से अपने गंतव्य की ओर जाने वाले यात्रियों को स्टेशन पर रही रात गुजारनी पड़ी।
वहीं सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस सुबह 9:55 बजे की जगह 11.46 बजे 1 घंटे 51 मिनट की देरी से भरवारी स्टेशन पहुंची। संगम एक्सप्रेस सुबह अपने निर्धारित समय से 17 मिनट की देरी व कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 9:10 बजे की जगह 10:21 बजे 1 घंटे 11 मिनट की देरी से पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक डीएन यादव ने बताया कि ट्रेनों के संचालन का काम मुख्यालय स्थित कंट्रोल का है। इस पर बात करने के लिए हम अधिकृत नहीं हैं। ट्रेनों के आने-जाने की जो सूचना मिलती है, हम उसे प्रसारित करते हैं।