कनवार के समीप हुए मार्ग हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत के बेहोस हुई मेमवती। संवाद
सिराथू। सैनी कोतवाली के कनवार बार्डर पर हादसे में मौत का शिकार हुए तीन लोगों की मौत से परिवार में शादी की तैयारी गम में बदल गई। मृतक मोहब्बत सिंह की बेटी कल्पना की शादी सात जून को होनी थी, लेकिन उसके अरमान टूट गए।
मृतक मोहब्बत सिंह की बेटी कल्पना ने बताया कि करीब सप्ताह भर से बदकिस्मती उनका पीछा नहीं छोड़ रही है। 13 मई को चाची गोरकी देवी ने जहर खाकर जान दे दी थी। उसके मायके वाले चाचा कल्यान सहित परिवार के लोगों को मुकदमें में फंसाना चाह रहे थे। जबकि वह रिश्तेदारों के साथ प्रयागराज में कपड़े की फेरी लगाने का काम कर रहे थे।
इसी को देखते हुए चाचा कल्यान सहित कल्पना, उसकी बहन रश्मि, भाई लवकुश, अंकुश और दिलसुख सप्ताह भर पहले ही प्रयागराज आ गए थे। कल्पना की शादी की तैयारियों के लिए परिजन व रिश्तेदार रविवार को कानपुर अपने घर लौट रहे थे, लेकिन नसीब को कुछ और ही मंजूर था।
पिता व भाई के अलावा रिश्तेदार की मौत से कल्पना पर दुखों का पहाड़ टूट गया। वहीं, मोहब्बत सिंह की पत्नी मेमवती अस्पताल में शवों को देख दहाड़ मारकर रोते-रोते बेसुध हो गई। परिवार के लोगों के भी आंसू नहीं थम रहे थे। रिश्तेदार उन्हें ढांढस बंधाते रहे।