खेल प्रतिभाओं को निखारने और विद्यालय स्तर पर खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिराथू के कस्तूरबा विद्यालयों के खेल में रूप में कबड्डी का चयन हुआ है। यहां इसके नियमित अभ्यास के लिए खेल मैदान का निर्माण होगा। बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि विद्यालय परिसरों में बनने वाले कबड्डी मैदान में छात्राओं को नियमित अभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी यहां व्यवस्था होगी। मैदान का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
डीसी बालिका योगेश तिवारी ने बताया कि कबड्डी मैदान तैयार होने के बाद विद्यालय की स्पोर्ट टीचर बालिकाओं को खेल के लिए तैयार करेंगी। उन्होंने बताया कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल को बढ़ावा देने से बालिकाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना विकसित होगी।