कसेंदा गांव में शुक्रवार सुबह झोलाछाप से दवा लेने के बाद घर लौट रही एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
कसेंदा निवासी मल्हू मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पिता ने बताया कि उनकी एक वर्षीय बेटी माही को दो दिन पहले बुखार आया था। शुरुआत में नजदीकी मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खिलाई गई, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
शुक्रवार सुबह मल्हू अपनी बेटी को लेकर मीरपुर गांव के एक झोलाछाप के पास दवा लेने गए थे। वापसी के दौरान रास्ते में हैंडपंप से पानी लेकर मासूम को दवा पिला दिया। दवा पीते ही बच्ची की हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
बच्ची की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजन शव को घर ले आए और बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
डॉक्टर का कोई वैध सर्टीफिकेट नहीं हैं। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. संजय सिंह, सीएचसी अधीक्षक