ओपीडी में मरीज को देखते डॉ. एके सिंह। स्रोत: डॉक्टर
जिले में मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। जिला अस्पताल के मेडिसिन विभाग में बृहस्पतिवार को 145 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें पेट दर्द, उल्टी-दस्तऔर बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही। ओपीडी में दिनभर भीड़ बनी रही।
मेडिसिन विभाग की ओपीडी में बृहस्पतिवार को एक के बाद एक मरीजों की संख्या बढ़ती रही। डॉ. एके. सिंह ने बताया कि मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ जाती है। दूषित पानी और बाहर का भोजन करने से पेट संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं।
डॉ. सिंह ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ताजा भोजन करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तेज धूप में निकलने से बचें और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।
बचाव के लिए अपनाएं ये सावधानियां
- केवल साफ और फिल्टर किया हुआ पानी पीएं।
- खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें।
- बासी भोजन नहीं, सिर्फ ताजा व हल्का भोजन ही करें।
- धूप में निकलते समय सिर ढंके और पर्याप्त पानी साथ रखें।
- शरीर में पानी की कमी न हो इसलिए ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ लेते रहें।
ओपीडी में मरीज को देखते डॉ. एके सिंह। स्रोत: डॉक्टर