मंझनपुर। सदर ब्लॉक के चक थांभा गांव में विकास कार्य के नाम पर खेल किया जा रहा है। एक ग्राम पंचायत सदस्य ने मंगलवार को शिकायत डीएम से की है। चेताया कि जांच और कार्रवाई नहीं होने पर वह आंदोलन करेगी। चक थांभा ग्राम पंचायत सदस्य उर्मिला देवी ने बताया कि गांव की प्रधान एक महिला हैं। आरोप है कि वह कोई काम नहीं करतीं।
सारा काम उन्हीं के परिवार का एक व्यक्ति करता है। उस व्यक्ति के पास कोटे की दुकान भी है। सदस्य की मानें को यह व्यक्ति विकास कार्यों में मानक की अनदेखी करता है। आरोप है कि कई काम बिना कराए ही उसने धन निकाल लिया है। कोई विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटाता। जो विरोध करता है, उसे राशन और केरोसिन नहीं देता है। बताया कि प्रधान पंचायत की बैठक भी नहीं बुलाती हैं। वह मनमानी तरीके से प्रस्ताव बनाकर विकास कार्य करती हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ को जांच कराकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।