चरवा कस्बे में ब्याही प्रयागराज के पीपलगांव की एक युवती को ससुरालियों ने मारपीट कर घर से भगा दिया। तहरीर के बाद भी थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता ने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर साल भर बाद मामले में थाना पुलिस ने पति, देवर व सास समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
प्रयागराज के पीपलगांव निवासी नीलम कुशवाहा पुत्री राम नरेश ने बताया कि 11 दिसंबर 2020 को उसकी शादी चरवा कस्बे के रहने वाले सर्जाओर्फ संतोष कुमार पुत्र श्रीपाल कुशवाहा के साथ हुई थी। शादी के बाद से दहेज में बाइक, नगदी और जेवरात को लेकर पति सरजू उर्फ सूरज और सास मुन्नी देवी ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि विरोध करने पर उसको ससुराल में मारा पीटा गया। 28 मई 2022 को पति ने देवर अर्पित और सास मुन्नी देवी के साथ मिल उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। शिकायत लेकर पीड़िता चरवा पुलिस के पास गई, कार्रवाई नहीं होने से निराश पीड़िता मायके में रहने लगी।
दो दिन पहले पीड़िता ने एसपी बृजेश श्रीवास्तव से मुलाकात कर इंसाफ की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर मंगलवार को चरवा पुलिस ने पति समेत तीन ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।