नेवादा। सरायअकिल कोतवाली के टिकरा मजरा पनारागोपालपुर गांव में विवाहिता के मायके पहुंचे ससुराल वाले नकदी व जेवरात उठा ले गए। मामले में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
टिकरा गांव निवासी विधवा व बुजुर्ग महिला हसीना ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी कासिमा की शादी आठ साल पहले कोखराज के बरीपुर सिहोरिया गांव के फिरोज खान के इस्लामी रीति-रिवाज से किया था। कुछ दिन बेटी ने ससुराल में सुखमय जीवन व्यतीत किया। इस दौरान उसके दो बेटे भी हुए। लेकिन कुछ साल बाद ही ससुराल वाले बेटी के साथ मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे और घर से भगा दिया। बेटी अपने दोनों बच्चों के साथ मायके टिकरा आ गई और वहीं रहने लगी। आरोप है कि बीते छह नवंबर को बेटी के पति, देवर, सास-ससुर और ननद टिकरा आ गये और मायके में भी बेटी के साथ मारपीट करते हुए बेटी के पास रखा 50 हजार नकदी और जेवरात उठा ले गए। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दिया। आरोप है कि मामले की शिकायत थाने में करने पर भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।