सिराथू/कोखराज। जिले के सिराथू और भरवारी कस्बा सोमवार की रात दूधिया रोशनी से जगमगा उठे। मौका था दो दिवसीय दशहरा मेले का। रात को समूचा मेला परिसर बिजली की आर्कषण सजवाट से जगमगाता रहा। नगर के तीनों मार्ग को रोड लाइट से सजाया गया था। मनोरंजन के लिए जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित रहे। क्षेत्रीय ग्रामीणों की भीड़ मेला का आनंद लेने के लिए जुटी रही।
सोमवार को नगर पंचायत सिराथू में मुख्य दशहरा मेला था। इस मौके पर नगर के धाता रोड मंझनपर रोड और सैनी रोड को बिजली की आकर्षक झालरों से दुल्हन की तरह सजाया गया था। तीनों मार्ग पर मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यकमों की धूम रही। आंचालिक गांवाें से भारी संख्या में दर्शक मेला देखने के लिए पहुंचे। शाम होते ही पूरा नगर जगमग हो गया। राम लीला मैदान में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला आदि का इस बार इंतजात विशेष रूप से किया गया था। रात में तीनों मार्ग पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। मेले में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शाम से वाहनोें का प्रवेश रोक दिया गया था।
सुरक्षा इंतजाम का जायजा लेने के लिए एसडीएम ज्योति मौर्या सीओ और सैनी कोतवाल के साथ मेला क्षेत्र में मौजूद रहे। रेलवे फाटक पर भीड़ का नियंत्रित करने के लिए यातायात के सिपाही लगाए गए थे। राम लीला कमेटी के अध्यक्ष हरी मोहन वर्मा ने सकुशल मेला संपंन कराने के लिए जुटे रहे। इसी तरह से नई बजार भरवारी में भी दो दिवसीय मेले के आखिरी दिन जबर्दस्त भीड़ रही। आकर्षक रोड लाइट से समूचा कस्बा जगमगा उठा। मेले में निकली कलात्मक चौकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।